Jaunpur news रामपुर में अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का शिकंजा, एसडीएम के निर्देश पर जेसीबी सीज
रामपुर में अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का शिकंजा, एसडीएम के निर्देश पर जेसीबी सीज
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र में कथित अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को सीज करा दिया। उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी को कब्जे में लिया और थाने लाकर सीज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद मिट्टी खनन से जुड़े लोगों और जेसीबी संचालकों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र सिधवन में मिट्टी की खुदाई किए जाने की शिकायत मिलने पर एसडीएम स्वयं मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान उन्होंने रामपुर पुलिस को बुलाकर संबंधित जेसीबी को जब्त करने का निर्देश दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मशीन को थाने लाकर सीज कर दिया।
वहीं, जेसीबी संचालक पिंटू यादव का कहना है कि उनकी मशीन किसी प्रकार की खुदाई नहीं कर रही थी, बल्कि सड़क पर जा रही थी। उनका आरोप है कि बिना उचित कारण के जेसीबी को सीज कर दिया गया।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
