Jaunpur news दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग, जांघ में गोली लगने से गंभीर, बदमाश बाइक से फरार
चन्दवक में दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग, जांघ में गोली लगने से गंभीर, बदमाश बाइक से फरार
जौनपुर जनपद के चन्दवक थाना क्षेत्र में सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी। उमरवार गांव निवासी विशाल यादव (पुत्र रामा यादव) को बेहड़ा गांव के मुसहरिया इलाके में उस समय निशाना बनाया गया, जब वह बाइक से जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने युवक की बाइक रोककर अचानक फायरिंग कर दी। गोली विशाल यादव की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चन्दवक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल बीरीबारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित मार्गों पर दबिश दी जा रही है।
