Jaunpur news दीपावली पर बीएसए समीर ने बच्चों को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं, पठन-पाठन एवं शैक्षणिक गतिविधियों की ली जानकारी

IMG-20261107-WA0003
Share

दीपावली पर बीएसए समीर ने बच्चों को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं, पठन-पाठन एवं शैक्षणिक गतिविधियों की ली जानकारी

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने बीआरसी सिरकोनी के निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय बाकराबाद पहुंचकर बच्चों के साथ दीपावली का उत्सव आत्मीयता के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय में कुछ समय रुककर बीएसए ने बच्चों से उनके पठन-पाठन एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में संवाद किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, मध्याह्न भोजन, फल एवं दूध वितरण, पाठ्य सहगामी गतिविधियों तथा खेलकूद के बारे में भी जानकारी ली।

बीएसए ने बच्चों को पढ़ाई के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वृक्षारोपण करने, नदी-तालाबों को स्वच्छ रखने, उनमें कूड़ा-कचरा न डालने तथा प्लास्टिक की पॉलिथीन का प्रयोग न करने की सीख दी। उन्होंने ई-कचरा प्रबंधन के विषय में भी बच्चों को जानकारी देते हुए इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया।

इस अवसर पर बच्चों ने जनपद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अपने बीच पाकर प्रसन्नता व्यक्त की। बीएसए द्वारा पूछे गए सवालों का बच्चों ने उत्साहपूर्वक एवं संतोषजनक जवाब दिया।

बच्चों के साथ आत्मीय संवाद के बाद बीएसए समीर ने सभी बच्चों एवं समस्त स्टॉफ को मिठाई खिलाई और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। बीएसए का यह स्नेहपूर्ण व्यवहार बच्चों के लिए उत्साहवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। विद्यालय परिवार ने बच्चों को स्नेह, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।