Jaunpur news गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, अमेठी का रहने वाला है आरोपी
गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, अमेठी का रहने वाला है आरोपी
जौनपुर। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जौनपुर पुलिस को सफलता मिली है। जलालपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी गौराबादशाहपुर और जलालपुर पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद आजाद पुत्र रियासत निवासी ग्राम तेतारपुर, थाना शुक्ल बाजार, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना जलालपुर में मुकदमा अपराध संख्या 123/2026 के तहत धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय एडीजे पंचम गैंगस्टर कोर्ट जौनपुर द्वारा गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी किया गया था।
पुलिस टीम ने 6 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस द्वारा उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ जलालपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के अलावा वर्ष 2025 में पशु क्रूरता अधिनियम और गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है।
इस कार्रवाई में गौराबादशाहपुर थाने के उपनिरीक्षक अवधेश कुमार और कांस्टेबल अंकित सिंह शामिल रहे।
