Jaunpur news मजदूरी के पैसे मांगने पर अधेड़ की बेरहमी से पिटाई, इलाज के लिए ले जाते समय मौत से मचा हड़कंप

IMG-20261024-WA0008
Share


मजदूरी के पैसे मांगने पर अधेड़ की बेरहमी से पिटाई, इलाज के लिए ले जाते समय मौत से मचा हड़कंप
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी एक अधेड़ व्यक्ति की मजदूरी का बकाया पैसा मांगने पर कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर हालत में घर लौटे व्यक्ति की उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गौरा गांव निवासी सतीश कुमार अग्रहरी (55) बीते 28 अक्टूबर को आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के दूबरान गांव में एक व्यक्ति के यहां मजदूरी का बकाया पैसा मांगने गए थे। आरोप है कि मजदूरी की रकम मांगने को लेकर वहां विवाद हो गया और उनके साथ मारपीट की गई।
पिटाई के बाद सतीश किसी तरह अपने घर लौट आए और सो गए। काफी देर तक उनके नहीं उठने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना परिजनों ने गौराबादशाहपुर पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।