Jaunpur news सरदार पटेल की जयंती पर जौनपुर में निकली जन एकता यात्रा, तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे हजारों युवा

IMG-20261031-WA0032
Share


सरदार पटेल की जयंती पर जौनपुर में निकली जन एकता यात्रा, तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे हजारों युवा
पूर्व सांसद धनंजय सिंह और एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू ने दिखाई हरी झंडी, देशभक्ति नारों से गूंजा शहर
जौनपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जौनपुर में राष्ट्रवादी नौजवान सभा की ओर से जन एकता यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले युवाओं के नारों और देशभक्ति गीतों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुहम्मद हसन इंटर कॉलेज परिसर से हुई, जहां सुबह से ही युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते मैदान में भारी भीड़ एकत्र हो गई। पूर्व सांसद धनंजय सिंह और विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू ने यात्रा को रवाना किया।
जन एकता यात्रा कोतवाली, चहारसू चौराहा, शाही पुल, ओलंदगंज, जेसीज चौराहा और रोडवेज होते हुए तिलकधारी सिंह महाविद्यालय परिसर स्थित महाराणा प्रताप व्यायामशाला पहुंची। पूरे रास्ते भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के उद्घोष सुनाई देते रहे। यात्रा के समापन पर जनसभा आयोजित की गई।
सभा के दौरान पूर्व सांसद धनंजय सिंह सहित अन्य अतिथियों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए धनंजय सिंह ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं की एकजुटता और जागरूकता से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। जन एकता यात्रा का मुख्य उद्देश्य नौजवानों को एक मंच पर लाकर राष्ट्रहित और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। साथ ही कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने संविधान के मूल्यों, सामाजिक समानता, न्याय और भाईचारे को बनाए रखने पर भी जोर दिया।
वहीं, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू ने कार्यक्रम में शामिल लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को संगठित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश देते हैं।
इस मौके पर राष्ट्रवादी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह, अजय प्रकाश सिंह केडी, विनय सिंह, डॉ. समर बहादुर सिंह, आशुतोष सिंह, राजीव कुमार सिंह, महासचिव राना सिंह, अशोक सिंह सेउर, प्रमोद शुक्ला, डॉ. रामचरित्तर निषाद, डॉ. अब्बासी, अब्दुल्ला तिवारी, संदीप उपाध्याय, राजेश चौहान, रतनदीप शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह पिंकू, संजय यादव, रमेश बिंद, सुरेश निषाद, संग्राम पाल, प्रशांत गौतम, छेदी गुरु और संजू सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।