Jaunpur news आचार्य नरेंद्र देव समाजवादी, लोकतांत्रिक एवं वैज्ञानिकता के एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एकता अखंडता के प्रतीक:- राकेश मौर्य
आचार्य नरेंद्र देव समाजवादी, लोकतांत्रिक एवं वैज्ञानिकता के एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एकता अखंडता के प्रतीक:- राकेश मौर्य
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा जिला अध्यक्ष श्री राकेश मौर्य की अध्यक्षता में समाजवाद के महानायक, महान दार्शनिक एवं शिक्षाविद आचार्य नरेंद्र देव जी तथा भारत के प्रथम गृहमंत्री एवं प्रथम उपप्रधानमंत्री, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती समारोहपूर्वक जिला कार्यालय, सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज, जौनपुर में मनाई गई।
जयंती समारोह में उपस्थित सभी पार्टीजनों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों, आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने की पुनः प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य ने की तथा संचालन जिला महासचिव श्री आरिफ हबीब ने किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी आचार्य नरेंद्र देव जी के समाजवादी, लोकतांत्रिक एवं वैज्ञानिक विचारों को आत्मसात कर सामाजिक न्याय, समानता और शोषणमुक्त समाज की स्थापना के लिए निरंतर संघर्षरत है। आचार्य नरेंद्र देव जी का मानना था कि समाजवाद केवल आर्थिक व्यवस्था का परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज में समान अवसर, मानवीय गरिमा और सामाजिक समरसता स्थापित करने का व्यापक आंदोलन है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में पार्टी इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम गृहमंत्री एवं प्रथम उपप्रधानमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। उनका जीवन हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता, प्रशासनिक दृढ़ता और जनहित के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
श्री मौर्य ने कहा कि सरदार पटेल जी की विरासत को किसी एक विचारधारा या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं किया जा सकता। वे संपूर्ण राष्ट्र के महापुरुष हैं। उनके नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, सामाजिक सद्भाव तथा किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव जी के समाजवादी विचार और सरदार पटेल जी की राष्ट्रीय एकता की भावना, दोनों मिलकर एक ऐसे भारत का मार्ग प्रशस्त करते हैं, जहां सामाजिक न्याय के साथ राष्ट्रीय एकता भी मजबूत हो। समाजवादी पार्टी इन्हीं आदर्शों को लेकर लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता श्री दीपचंद राम, जिला उपाध्यक्ष श्री श्याम बहादुर पाल, श्री हीरालाल विश्वकर्मा, श्री राजेंद्र यादव टाइगर, श्री महेंद्र प्रताप यादव नेपाल, पूर्व प्रमुख श्री रमापति यादव, जिला सचिव श्री दीपक विश्वकर्मा, श्री भूपेश पांडे, श्री अज्जू मौर्य, वरिष्ठ नेता श्रीमती पूनम मौर्य, सभासद एवं राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी श्री अलमास अहमद सिद्दीकी, सभासद श्री शाहनवाज़ अहमद, डॉ. वीरेंद्र यादव, श्रीमती उषा जायसवाल, श्री पप्पू यादव जमैथा, श्री अशोक मिश्रा, श्री संदीप यदुवंशी, श्री आतीश सोनकर, श्री नज्में आलम, श्री वीरेंद्र यादव, श्री नंदलाल यादव, श्री अशफाक मंसूरी, श्री हरिश्चंद्र प्रभाकर, श्रीमती सुशीला यादव, श्रीमती सोनी सेठ, श्रीमती पिंकी गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
