IMG-20260808-WA0020
Share


दुकान से घर लौट रहे सैलून संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
नहर पुलिया के पास सड़क किनारे मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के कलापुर गांव में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर पुलिया के समीप सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव निवासी विनोद कुमार गौतम (40) पुत्र नंदलाल के रूप में हुई है। वह एत्मादपुर में सैलून चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार, विनोद शनिवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से घर से अपनी दुकान के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान उसका भाई मनोज कुमार उसे खोजते हुए कलापुर की ओर पहुंचा। रात करीब दो बजे सड़क किनारे विनोद का शव पड़ा दिखाई दिया।
भाई ने घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी। शव मिलने की खबर गांव में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर खेतासराय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।