Jaunpur news राज कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक महाबल यादव का निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर

IMG-20261112-WA0081
Share

राज कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक महाबल यादव का निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर

93 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, कॉलेज परिसर में आयोजित हुई शोकसभा; शिक्षकों ने व्यक्त की श्रद्धांजलि

जौनपुर। स्थानीय राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक महाबल यादव (93) का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में कॉलेज परिसर में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
शोकसभा में प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे ने कहा कि महाबल यादव अत्यंत मृदुभाषी, अनुशासित एवं उत्कृष्ट शिक्षक थे। उनका पूरा जीवन शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित रहा। वे सदैव समय से विद्यालय पहुंचते थे और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते थे। अपने सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और शिक्षण शैली के कारण वे छात्र-छात्राओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
अन्य वक्ताओं ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाबल यादव का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक आदर्श शिक्षक के रूप में उनके योगदान और अनुशासित जीवनशैली को सदैव याद किया जाता रहेगा।
ज्ञात हो कि मूल रूप से धर्मापुर क्षेत्र के उत्तरगांवा गांव निवासी महाबल यादव इसी विद्यालय में अध्यापक रहे जीयाराम यादव के बड़े भाई थे। जीयाराम यादव भी राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में कॉलेज के उप प्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शोकसभा में प्रेमचंद, डॉक्टर बृजेश कुमार सिंह, अंजनी कुमार श्रीवास्तव, रवि प्रकाश सिंह, डॉ रमेश चंद्र, रामप्रताप, बृजभूषण , राघवेंद्र सिंह, पवन कुमार साहू, रामप्रताप, अरविंद कुमार, डॉ नागेंद्र प्रसाद, अनिल कुमार यादव, यादव सुभाष, संजय विमल, रंजना चौरसिया, पूजा सिंह, ज्योति सिंह, रंजना प्रजापति, राजेश कुमार श्रीवास्तव, सुभाष मिश्र, अखिलेश कुमार मौर्य सहित कॉलेज के समस्त छात्र छात्राएं शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत शिक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।