IMG-20260823-WA0019
Share

जंघई से दो सगी बहनें लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

13 वर्षीय निधि और 8 वर्षीय अनन्या की तलाश जारी, परिवार ने लोगों से मदद की अपील

प्रयागराज। सरायममरेज थाना क्षेत्र के पतवा गांव से दो सगी बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है। 13 वर्षीय निधि पांडे और उसकी 8 वर्षीय छोटी बहन अनन्या पांडे के अचानक गायब होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों ने दोनों की तलाश में पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।

परिजनों के अनुसार, 18 सितंबर को दोनों बहनें जंघई बाजार गई थीं। वहां से कुछ सामान खरीदने के बाद दोनों वापस घर लौट आईं। इसके कुछ समय बाद निधि एक झोला लेकर घर से निकली और अपनी मां से बनारस जाने की बात कही। मां ने जाने से मना किया, जिसके बाद दोनों बहनें घर के पीछे की ओर से निकलकर सड़क तक पहुंचीं और इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

परिजनों ने बताया कि दोनों के लापता होने की सूचना सरायममरेज थाने और जंघई पुलिस चौकी को दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दोनों बहनों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

इसी बीच सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आई कि दोनों बहनों को सुरियावां रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में देखे जाने तथा वहां से बनारस की ओर जाने वाली ट्रेन पकड़ने की बात कही जा रही है। हालांकि परिजनों के मुताबिक इस जानकारी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की जानकारी मिलने पर जज सिंह अन्ना ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

परिजनों ने प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी और भदोही समेत आसपास के जिलों के लोगों से दोनों बहनों की तलाश में सहयोग करने की अपील की है। परिवार ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को निधि या अनन्या के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल 8853514738 मोबाइल नंबर पर सूचना दें।