Jaunpur news जरौना हाल्ट पर रेल यात्रियों का प्रदर्शन, रायबरेली एक्सप्रेस के ठहराव की उठी मांग
जरौना हाल्ट पर रेल यात्रियों का प्रदर्शन, रायबरेली एक्सप्रेस के ठहराव की उठी मांग
जौनपुर। ट्रेन संख्या 14201 जौनपुर-रायबरेली एक्सप्रेस के जरौना, कटवार और भन्नौर हाल्ट पर ठहराव की मांग को लेकर बुधवार को रेल यात्रियों ने जरौना हाल्ट स्टेशन पर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 7:25 बजे से 7:45 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान यात्रियों ने रेल लाइन पर खड़े होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारी यात्रियों का कहना है कि जौनपुर से मड़ियाहूं और जंघई जंक्शन के बीच बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिवक्ता, कर्मचारी और दैनिक यात्री नियमित रूप से आवागमन करते हैं। यात्रियों के मुताबिक जरौना में प्रतिदिन करीब 100, जबकि कटवार और भन्नौर हाल्ट पर लगभग 75-75 यात्रियों को ट्रेन की आवश्यकता रहती है।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन जौनपुर से करीब 4:30 बजे रवाना होकर लगभग 5:30 बजे जंघई जंक्शन पहुंचती है। इस मार्ग पर प्रतिदिन करीब 400 यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद जरौना, कटवार और भन्नौर जैसे स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ट्रेन को रोकने के लिए चेन पुलिंग किए जाने पर रेलवे की ओर से कार्रवाई की जाती है और यात्रियों पर जुर्माना लगाया जाता है। यात्रियों का कहना है कि वे चेन पुलिंग नहीं करना चाहते, बल्कि नियमानुसार टिकट लेकर ट्रेन से यात्रा करने के लिए तैयार हैं। उनकी मांग है कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए ट्रेन का निर्धारित ठहराव इन हाल्ट स्टेशनों पर किया जाए।
रेल यात्रियों ने कहा कि लंबे समय से मांग उठाए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित नहीं किया गया तो जरौना, कटवार और भन्नौर में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।
