IMG-20260920-WA0027
Share

पुरानी पेंशन बहाली की हुंकार शाहगंज में अटेवा के सदस्यता अभियान को मिला जोर, 25 सितंबर की लखनऊ रैली के लिए तैयारियां तेज
जौनपुर शाहगंज, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कराने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को मजबूती देने के लिए शाहगंज तहसील में अटेवा की ओर से संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन का विस्तार करने के साथ ही आगामी 25 सितंबर को लखनऊ में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय महारैली में अधिक से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अटेवा के तहसील अध्यक्ष डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को समर्थन देने का संकल्प लिया।
सदस्यता लेने वालों में राम स्वारथ गौतम, राधेश्याम बिंद, लोकेश मौर्य, हेमेंदु प्रकाश सिंह, भास्कर यादव, प्रिया मौर्या, आनंद कुमार सिंह, विमल कुमार, आनंद प्रकाश गिरी, राम सकल यादव, अमित कुमार मौर्य, फूला देवी, सुनिधि प्रजापति, सिकंदर यादव, जीशान खां, रामदुलार यादव, अरुणा यादव, अमरजीत यादव, विजय कुमार, पूनम पाल, अखिलेश कुमार यादव, शबनम सिद्दीकी और शशि यादव समेत अन्य शिक्षक-कर्मचारी शामिल रहे।
संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान में शाहगंज ब्लॉक को आगे लाने के प्रयासों को लेकर जिला नेतृत्व ने डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य के कार्यों की सराहना की। अटेवा के जिला अध्यक्ष चंदन सिंह, जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव और जिला कोषाध्यक्ष नंदलाल पुष्पक ने नए सदस्यों के संगठन से जुड़ने पर उनका स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों को संगठन से जोड़कर आंदोलन को मजबूती प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम के समापन पर पदाधिकारियों और नवनियुक्त सदस्यों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एकजुटता जताई। इस दौरान ‘जय युवा, जय अटेवा’ और ‘पुरानी पेंशन बहाल करो’ के नारे लगाए गए। साथ ही 25 सितंबर को लखनऊ में होने वाली महारैली में बड़ी संख्या में पहुंचकर उसे सफल बनाने का संकल्प लिया गया।