Jaunpur news जमीन और पेंशन के विवाद में दोहरे हत्याकांड से दहला जौनपुर
जमीन और पेंशन के विवाद में दोहरे हत्याकांड से दहला जौनपुर, मां और बहन को कुल्हाड़ी से काटने का आरोपजौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक पर अपनी 70 वर्षीय मां और 40 वर्षीय शादीशुदा बहन की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शीतला देवी (70) और उनकी बेटी गौरा देवी (40) के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने मौके से हिरासत में लेकर कथित वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से जमीन और मां को मिलने वाली पेंशन को लेकर विवाद चल रहा था। शीतला देवी के पति राजपति पटेल सेवानिवृत्त शिक्षक थे। दंपती की छह बेटियां और सबसे छोटा बेटा भूपेंद्र पटेल था। परिजनों के मुताबिक, भूपेंद्र के व्यवहार को लेकर परिवार में पहले भी विवाद होते रहे थे।
परिवार के लोगों के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले सेवानिवृत्त शिक्षक ने अपनी संपत्ति को लेकर अपनी सबसे छोटी बेटी गौरा देवी के पक्ष में वसीयत की थी। इसके बाद संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच गया। बाद में जमीन का बंटवारा हुआ, जिसमें कुछ हिस्सा बहनों और शेष हिस्सा मां व बेटे के हिस्से में आने की बात बताई जा रही है।
मां की पेंशन और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भी मां-बेटी और बेटे के बीच विवाद होने की बात सामने आ रही है। इसी दौरान शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे घर में किसी बात को लेकर मां, बेटे और बेटी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी पर घर से कुल्हाड़ी लाकर पहले अपनी मां पर हमला करने का आरोप है।
हमले में गंभीर रूप से घायल शीतला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। मां को बचाने पहुंची बेटी गौरा देवी पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी काफी देर तक मौके पर मौजूद रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और आरोपी को घर से हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर कथित हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के करीब दस थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुला ली गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
समाचार लिखे जाने तक परिवार की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच किए जाने की बात पुलिस अधिकारियों द्वारा बताई जा रही है।
पूरी घटना की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि इन लोगों का पारिवारिक विवाद चल रहा था काफी दिनों से आज किसी बात से नाराज भूपेंद्र पटेल ने अपनी मां और अपनी बहन को कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पहुंचकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आल्हा कत्ल बरामद कर लिया गया है और मामले जांच की जा रही है
