IMG-20260823-WA0019
Share

महिला ने पहले मासूम को कीटनाशक खिलाकर मारा फिर खुद भी खा कर दी जान
मड़ियाहूँ (18 सितंबर )स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के संतोषपुर गांव में गुरुवार की रात पारिवारिक कलह के चलते एक महिला ने अपने तीन वर्षीय मासूम पुत्री को कीटनाशक खिलाकर मार डाला इसके बाद खुद भी खाकर जान दे दी। घटना की सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दिया। पुलिस दोनों के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी हंसराज पटेल के बड़े पुत्र रवि पटेल की शादी पांच वर्ष पूर्व नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बुद्धीपुर गांव निवासी जयद्रथ पटेल की पुत्री शशिकला से हुआ था। बताया जाता है कि गुरुवार की रात शशिकला की अपनी सास शोभावती से किसी बात को लेकर वाद विवाद हो गया था। जिससे आहत होकर वह अपनी तीन वर्षीय पुत्री श्रेया को घर में रखा कीटनाशक खिला दिया। जिससे उसकी कुछ ही देर में मौत हो गई। बेटी की मौत से घबराई शशिकला ने भी कीटनाशक खा लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ता देख ससुर हंसराज ने शशिकला के पिता को मोबाइल पर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना देते हुए उसे इलाज हेतु नगर स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से उसे वाराणसी रेफर किया गया। ससुराली जनों द्वारा उसे वाराणसी न ले जाकर पुनः एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही। मृतका के पिता जयद्रथ पटेल ने ससुराली जनों पर दहेज की मांग किए जाने व प्रताड़ित कर हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर पति रवि पटेल, ससुर हंसराज पटेल, सास शोभावती, देवर जकिशन पटेल व ननद रवीना पटेल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इस बाबत क्राइम इंस्पेक्टर इरफान अली ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर ससुराली जानों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।