Jaunpur news ओजोन परत के संरक्षण को लेकर छात्रों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
ओजोन परत के संरक्षण को लेकर छात्रों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
जौनपुर। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर मुफ्तीगंज विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय देवकली में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ओजोन परत की उपयोगिता और पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देश पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को प्रदूषण कम करने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार की ओर से भी बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षिका सविता मौर्या समेत विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
