Jaunpur news खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 किलो रंगीन मिठाई नष्ट 98 किलो हल्दी जब्त

IMG-20261102-WA0034
Share


जौनपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 किलो रंगीन मिठाई नष्ट; 98 किलो हल्दी जब्त
मड़ियाहूं और बेलवा बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, मिठाई, बेसन, हल्दी समेत 11 नमूने जांच के लिए भेजे गए
जौनपुर। त्योहारों के दौरान मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को मड़ियाहूं और बेलवा बाजार में व्यापक जांच अभियान चलाया। ‘शुद्ध ही शुभ है’ प्रदेशव्यापी अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।
खाद्य विभाग की सचल टीम ने मड़ियाहूं बाजार में मनोज जायसवाल के प्रतिष्ठान से शाही पेड़ा और सोनपपड़ी के नमूने लिए। रोहित ट्रेडर्स से बेसन और पिसी हल्दी के नमूने संग्रहित किए गए। इसी दौरान यहां से 98 किलोग्राम पिसी हल्दी, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये बताई गई है, नियमानुसार जब्त कर ली गई।
इसके अलावा चौरसिया मिष्ठान भंडार से बर्फी, श्याम स्वीट्स से छेना मिठाई तथा अमरदीप गुप्ता स्वीट्स शॉप से बर्फी का नमूना लिया गया।
वहीं बेलवा बाजार में राजेश कुमार की स्वीट शॉप और गौरव स्वीट्स से बर्फी के नमूने संग्रहित किए गए। राकेश कुमार के प्रतिष्ठान से बूंदी के लड्डू का नमूना लेने के साथ ही 50 किलोग्राम रंगीन मिठाई जब्त की गई। विभाग के अनुसार, मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर करीब 10 हजार रुपये मूल्य की इस मिठाई को नियमानुसार नष्ट करा दिया गया। सूर्य नारायण किराना स्टोर से बेसन का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई में कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए। अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डॉ. मंजुला सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने एकत्र किए।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा संबंधित विनियमावली 2011 के तहत दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।