Jaunpur news धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को त्योहारों से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश, कर्मचारियों का वेतन समय से भुगतान करने पर दिया जोर
जौनपुर, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक में त्योहारों की तैयारियों, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को जर्जर तारों एवं खंभों को बदलने तथा त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने नगर पालिका एवं अन्य नगर निकायों के अधिकारियों को बाजारों, प्रमुख मार्गों, पूजा स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई, कूड़ा उठान, जलनिकासी एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों का वेतन धनतेरस एवं दीपावली से पूर्व अनिवार्य रूप से आहरित करना सुनिश्चित करें, ताकि सभी कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहार हर्षोल्लास से मना सकें।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा मिलावटखोरी के विरुद्ध नियमित छापेमारी एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अग्निशमन विभाग को बाजारों, दुकानों एवं पटाखों की बिक्री के निर्धारित स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रमुख बाजारों, चौराहों, सर्राफा बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर ही कराई जाए तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। पटाखों की दुकानों पर निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए, ताकि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री न हो। प्रतिबंधित एवं अवैध पटाखों की बिक्री किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने सीयूजी मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से चालू रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके। त्योहारों के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कहीं भी अनावश्यक किल्लत न होने देने के निर्देश भी दिए। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए 112 पुलिस व्यवस्था प्रमुख स्थानों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निराश्रित गोवंश के संबंध में निर्देश दिया कि सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर गोवंश विचरण करते हुए न दिखाई दें। संबंधित अधिकारी अभियान चलाकर उन्हें पकड़वाते हुए गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित कराना सुनिश्चित करें, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका न रहे और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने बाजारों में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, कूड़ा उठान, यातायात एवं सुरक्षा से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का तत्काल एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जनपद वासियों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त APK फाइल को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें तथा अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध संदेशों, लिंक एवं कॉल के प्रति सावधानी बरतें। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा बिना पुष्टि किए किसी भी संदेश को आगे साझा न करने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाजों, आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं। सुरक्षा मानकों का पालन करें, अफवाहों से बचें तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह संबंधित विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि एवं जिला शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
