Jaunpur news जौनपुर में 3 नवंबर को होगी कृषि यंत्रों के लाभार्थियों की ई-लॉटरी, किसानों को आधार कार्ड के साथ बुलाया गया

IMG-20261102-WA0027
Share

जौनपुर में 3 नवंबर को होगी कृषि यंत्रों के लाभार्थियों की ई-लॉटरी, किसानों को आधार कार्ड के साथ बुलाया गया

कलेक्ट्रेट सभागार में दोपहर 12 बजे से शुरू होगी चयन प्रक्रिया, 7 से 27 अक्टूबर तक बुकिंग कराने वाले किसान होंगे शामिल

जौनपुर। कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ पाने वाले किसानों के चयन की प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र और कृषि रक्षा उपकरण प्राप्त करने के लिए आवेदन करने वाले किसानों का चयन 3 नवंबर 2026 को ऑनलाइन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (डीएलईसी) की निगरानी में यह प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन और फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) सहित कृषि विभाग की संबंधित योजनाओं में 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों, फसल अवशेष प्रबंधन उपकरणों और कृषि रक्षा उपकरणों के लिए लाभार्थियों का चयन होगा।

उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 के बीच विभागीय पोर्टल पर कृषि यंत्रों और कृषि रक्षा उपकरणों की बुकिंग कराने वाले किसानों को ई-लॉटरी में शामिल किया जाएगा। चयन की पूरी प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन संपन्न होगी।

ई-लॉटरी का आयोजन 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार, जौनपुर में किया जाएगा। कृषि विभाग ने संबंधित किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें।

किसानों को अपने साथ आधार कार्ड तथा कृषि यंत्र की बुकिंग से संबंधित टोकन संख्या, पंजीकरण संख्या और यंत्र का विवरण अनिवार्य रूप से लाने को कहा गया है, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में बुकिंग कराने वाले किसान ही इस चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे।