IMG-20260823-WA0019
Share

मछलीशहर में 13 सितंबर को जुटेंगे होम्योपैथिक चिकित्सक, प्रादेशिक सम्मेलन में होगा पदाधिकारियों का चुनाव

जौनपुर। आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर आर्गेनाइजेशन का प्रादेशिक सम्मेलन आगामी 13 सितंबर को मछलीशहर स्थित होटल युवराज में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर संगठन की जौनपुर शाखा की बैठक वाजिदपुर स्थित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रामनारायण सिंह के आवास पर हुई।
बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रामनारायण सिंह ने बताया कि प्रादेशिक सम्मेलन दो सत्रों में संपन्न होगा। सम्मेलन का आयोजन संगठन के प्रदेश महासचिव डॉ. आर.पी. यादव एवं मछलीशहर शाखा के सहयोग से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का पहला सत्र वैज्ञानिक सत्र होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले होम्योपैथिक चिकित्सक अपने चिकित्सकीय अनुभव, उपचार संबंधी जानकारी और कार्यक्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा करेंगे। इससे चिकित्सकों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।
सम्मेलन के दूसरे सत्र में संगठन के आगामी द्विवार्षिक कार्यकाल 2026-27 एवं 2027-28 के लिए प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों का चुनाव कराया जाएगा। संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्ययोजना को लेकर भी सम्मेलन में चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में डॉ. सत्येंद्र सिंह, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. आर.पी. यादव, डॉ. संजय यादव, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. हर्षित सिंह, डॉ. आशुतोष सिंह और डॉ. तुषार सिंह सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जे.एन. सिंह रघुवंशी के शामिल होने की जानकारी दी गई।