IMG-20260910-WA0018
Share

आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने परफॉर्मेंस व लोकेशन के विरोध में भरी हुंकार

जौनपुर आज दिनांक 10 सितंबर को जनपद जौनपुर के गोपाल घाट स्थित शिव मंदिर में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं की एक आवश्यक बैठक बुलाई गई।बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से सरिता सिंह और सुनीता यादव ने किया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं सहायिका बहनें उपस्थित रहीं।
बैठक में उपस्थित सभी विकासखंडों की पदाधिकारी बहनों ने सरकार द्वारा घोषित की गई मानदेय वृद्धि को उनके साथ हुआ धोखा एवं छलावा बताते हुए एक स्वर में सरकार के सौतेले व्यवहार का विरोध किया और चेतावनी दिया कि यदि प्रोत्साहन राशि को मानदेय में परिवर्तित कर बारह हजार रुपये नहीं किया गया, लोकेशन सिस्टम बंद नहीं किया गया और “यशोदा मैया” के सम्मान को वापस नहीं किया गया, तो हम अपनी लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए सुनीता यादव ने कहा कि सरकार इस भ्रम में न रहे कि हम टुकड़ों में बंटे हैं। समाज में यशोदा मैया रूप में अपना योगदान देने के साथ अपने हक एवं अधिकार के लिए हम मां दुर्गा एवं रानी लक्ष्मीबाई का रूप भी धारित कर सकते हैं।
सरिता सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश की आंगनवाड़ी बहने मानदेय के संदर्भ में सरकार के छलावा भरे निर्णय से हताश एवं निराश हैं लेकिन महिला सशक्तिकरण के इस युग में आधी आबादी के रूप में हम अपना हक एवं अधिकार लेने के लिए किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार हैं। हम ही बीएलओ हैं और वोटरों की मार्गदर्शक भी हैं। इसलिए सरकार लगातार अपने वादों से मुकरना बंद करे तथा हमें हमारे कार्य के अनुरूप स्मार्ट, हैंडसम और न्यूनतम मानदेय देना सुनिश्चित करे। आपके लोकेशन और प्रोत्साहन के लालच में हमें फंसना मंजूर नहीं है। हमने पोलियो जैसी महामारी का समूल नाश किया है तो सरकार सोच सकती है, “जहां न पहुंचे कोई गाड़ी, वहां पहुंचे आंगनबाड़ी।”
इस अवसर पर माधुरी, सोनिया, जया साहनी, सुनीता सिंह, गीता सोनकर, मंजू सिंह, नफीस फातमा, कनीज, उर्मिला गौतम, धनकुमारी, कौशल्या, गुंजन, संगीता वर्मा, अनीता, बबना यादव सहित विभिन्न विकास खंडों की सैकड़ों आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।