Jaunpur news उपनिबंधक कार्यालय में भारी हंगामें के बीच हुई रजिस्ट्री
उपनिबंधक कार्यालय में भारी हंगामें के बीच हुई रजिस्ट्री
पुलिस की सुरक्षा के बीच पंजीकरण संपन्न
जौनपुर।
जिले के मछली शहर उपनिबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री रोकने वालों द्वारा तीन दिनों से चल रहे हंगामे के बाद शनिवार को भारी पुलिस बल की उपस्थिति में रजिस्ट्री सम्पन्न हुई।क्रेता,विक्रेता ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकीखुर्द गांव निवासी प्रतिमा पांडेय के पति की मृत्यु कई वर्षों पूर्व हो चुकी थी।पति की मृत्यु के बाद आय का कोई साधन नहीं था।भूमि ही एक मात्र आधार था।परिवार से मदद न मिलने पर विक्रेता के अनुरोध पर चौकीखुर्द निवासी अम्बरीश पांडेय पुत्र अजय पांडेय जमीन की पूरी कीमत देकर रजिस्ट्री कराने के लिए तैयार हुए।गुरुवार को उपनिबंधक कार्यालय में क्रेता,विक्रेता पंजीकरण के लिए उपस्थित हुए लेकिन विक्रेता प्रतिमा पांडेय का आरोप है कि परिवार के कई महिला पुरुष उपनिबंधक कार्यालय में पहुंचकर अवरोध उत्पन्न करने लगे, जबकि वे लोग औने पौने दाम में जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहे थे।तो उस दिन रजिस्ट्री नहीं हुई।क्रेता,विक्रेता की शिकायत पर शनिवार को भारी महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती में हल्की फुल्की नोंक झोंक के बाद पंजीकरण संपन्न हुआ।उपनिबंधक प्रतिमा का कहना है विक्रेता की सहमति और बयान के आधार पर जमीन की पूरी कीमत पाने के बाद ही पंजीकरण किया गया है।जिसकी पूरी वीडियो ग्राफी भी कराई गई है।
