Jaunpur news खड़े ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार कार, उन्नाव के दो युवकों की मौत, तीन घायल
खड़े ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार कार, उन्नाव के दो युवकों की मौत, तीन घायल
जौनपुर बक्शा, थाना क्षेत्र के वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना थाना बक्शा क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के समीप नेता ढाबा के सामने हुई, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रही एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले भाग में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया, जबकि शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल सभी लोग उन्नाव जिले के आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
