Jaunpur news जिला कारागार का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Share


जौनपुर जिला कारागार का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जौनपुर। जनपद के जिला कारागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने औचक निरीक्षण कर जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण किया और बंदियों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
अधिकारियों ने बंदियों से भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने जेल अस्पताल का भी जायजा लिया। वहां भर्ती बंदियों का हालचाल पूछते हुए चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बंदी को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा गंभीर मरीजों की विशेष निगरानी रखी जाए।
इसके अलावा अधिकारियों ने जेल परिसर की साफ-सफाई, रसोईघर, भोजन तैयार करने एवं वितरण व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी बंदियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता, कारागार प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About Author