Jaunpur news कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर डीएम-एसपी सख्त, त्रिलोचन महादेव में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Share


कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर डीएम-एसपी सख्त, त्रिलोचन महादेव में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर जौनपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का व्यापक जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, कंट्रोल रूम, चिकित्सा सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंदिर परिसर और आसपास की सफाई व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत राज विभाग और विकास खंड अधिकारियों को सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्गों की मरम्मत और सड़कें पूरी तरह सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश देते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

About Author