Jaunpur news ट्यूलिप हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने लगाया अतिरिक्त वसूली का आरोप

Share

इशरत हुसैन की रिपोर्ट


ट्यूलिप हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने लगाया अतिरिक्त वसूली का आरोप
जौनपुर। शहर के नईगंज स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला मरीज की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद शनिवार रात परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी गेना देवी (50), पत्नी अशोक कुमार सरोज, सीने में दर्द की शिकायत के बाद तीन दिन पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराई गई थीं। शनिवार रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए तथा चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर आईपीएस गोल्डी गुप्ता, नगर कोतवाल अनीता सिंह तथा सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और सड़क जाम समाप्त करवाया।
परिजनों का आरोप है कि मरीज का उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत होना था, इसके बावजूद अस्पताल द्वारा नकद रूप में भी लगभग 40 हजार रुपये लिए गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव लेकर अपने घर चले गए। वहीं अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन पर बातचीत नहीं हो सकी।
घटना के बाद पूरे दिन शहर में निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत इलाज और मरीजों से कथित अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने को लेकर चर्चाएं होती रहीं। हालांकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About Author