Jaunpur news पीएचसी जयरामपुर में स्टाफ तैनाती की मांग तेज, वर्षों से बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की उठी आवाज

IMG-20260621-WA0067
Share


पीएचसी जयरामपुर में स्टाफ तैनाती की मांग तेज, वर्षों से बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की उठी आवाज
बरसठी। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जयरामपुर को पूर्ण रूप से संचालित कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने जनहित में जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा प्रदेश सरकार से अस्पताल में चिकित्सकों और अन्य आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति कर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने की अपील की है।
अन्ना ने बताया कि पीएचसी जयरामपुर का भवन निर्माण के बाद तकनीकी खामियों के चलते उपयोग के लिए अनुपयुक्त घोषित हो गया था। इसके बाद लंबे समय तक अस्पताल की सेवाएं प्रभावित रहीं। उन्होंने प्रशासन को कई बार पत्र भेजकर भवन की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग उठाई, जिसके बाद भवन को दुरुस्त कराया गया।
बताया जाता है कि पिछले करीब 15 वर्षों से जयरामपुर पीएचसी की सेवाएं एक किराए के कमरे से संचालित की जा रही थीं, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी के अधीन कार्यरत था। समय के साथ यहां तैनात चिकित्सकों का स्थानांतरण हो गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं लगभग ठप पड़ गईं।
वर्तमान में अस्पताल भवन और आवासीय परिसर पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण नियमित चिकित्सा सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के संचालन से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
फिलहाल प्रत्येक रविवार को यहां आयुष्मान आरोग्य मेला आयोजित कर मरीजों को सीमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति कर अस्पताल को पूर्ण रूप से संचालित करने की मांग की है।