Jaunpur news रेलवे ट्रैक के पास युवक से मोबाइल और नकदी लूटने का आरोपी गिरफ्तार, 1650 रुपये व बाइक बरामद

IMG-20261117-WA0036
Share


रेलवे ट्रैक के पास युवक से मोबाइल और नकदी लूटने का आरोपी गिरफ्तार, 1650 रुपये व बाइक बरामद
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से लूट की रकम में से 1,650 रुपये और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 13 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के सुदनीपुर गांव निवासी राम यादव कन्हईपुर चांदमारी के पास रेलवे ट्रैक के रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि हमलावर उनका रेडमी Y2 मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर लाइन बाजार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 483/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 115(2) और 352 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत लाइन बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित संदीप नोना उर्फ पतालू पुत्र राजेलाल निवासी उमरपुर, थाना लाइन बाजार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के 1,650 रुपये और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे: उपनिरीक्षक अरविंद यादव और कांस्टेबल दिनेश प्रसाद, थाना लाइन बाजार जौनपुर।