Jaunpur news दुकान में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

Share

दुकान में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के भवरास गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव उसकी किराना दुकान के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भवरास गांव निवासी 44 वर्षीय सूबेदार यादव रविवार सुबह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित किराना दुकान पर गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और आसपास के लोगों को चिंता हुई। इसी दौरान दुकान के अंदर युवक को अचेत अवस्था में देखकर लोगों ने परिजनों को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे परिजन युवक को तत्काल नीचे उतारकर उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

About Author