Jaunpur news जिला कारागार में गूंजा योग का संदेश, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बंदियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Share

जिला कारागार में गूंजा योग का संदेश, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बंदियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

सप्ताहव्यापी योग शिविर का हुआ समापन, विशेषज्ञों ने बताए योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभ

जौनपुर। कारागार मुख्यालय लखनऊ एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कारागार जौनपुर में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित सप्ताहव्यापी योग शिविर का समापन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम के साथ हुआ। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित विशेष सत्र में कारागार अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुरुष एवं महिला बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
प्रातःकाल आयोजित कार्यक्रम में योगाचार्य वैद्यराज हरिदास एवं योग प्रशिक्षक डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य ने पुरुष बंदियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। वहीं महिला बंदियों को योग प्रशिक्षिका मधुबाला ने योगाभ्यास कराया।
योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव कम करने, स्वास्थ्य सुधारने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बंदियों को नैतिक मूल्यों के संवर्धन और आत्मिक विकास में योग की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर कार्यवाहक अधीक्षक एवं कारापाल सुरेश बहादुर सिंह, उप कारापाल सुभाष चंद्र पांडेय, नंद किशोर, पंकज कुमार द्विवेदी, प्रधान सहायक खलीक अहमद, लेखाकार वेद प्रकाश त्रिपाठी, शिक्षक प्रदीप कुमार अस्थाना सहित कारागार के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी जेल अधीक्षक ने योग प्रशिक्षकों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा सभी से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। इसके साथ ही सप्ताहभर चले योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

About Author