Jaunpur news शाही किले में योग का महासंगम, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
शाही किले में योग का महासंगम, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
जौनपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को ऐतिहासिक शाही किला परिसर में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों सहित हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के योग दिवस संदेश एवं कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, मकरासन सहित कई आसनों का अभ्यास किया, वहीं कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अधिकांश देशों में योग को अपनाया जा रहा है।
कार्यक्रम स्थल पर योग जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था, जहां प्रतिभागियों ने तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से योग का संदेश प्रसारित किया। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी किया गया और लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की गई।
आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य शिविर, हेल्थ डेस्क, पेयजल और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी विभागों, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में योग के प्रति लोगों का बढ़ता रुझान सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
कार्यक्रम में लगभग तीन हजार लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि योग सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में लाखों लोगों ने योगाभ्यास कर योग को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

