Jaunpur news त्रिशूल,गदा,बेलन और बल्ला पिचकारियां बच्चों को कर रही आकर्षित
त्रिशूल,गदा,बेलन और बल्ला पिचकारियां बच्चों को कर रही आकर्षित
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कस्बे में किया फ्लेग मार्च
मछलीशहर,जौनपुर।
होली का त्योहार नजदीक आते ही मछलीशहर तहसील क्षेत्र की बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। रविवार को अवकाश होने के कारण बच्चे अभिभावकों संग रंग गुलाल और पिचकारी की खरीदारी करने के लिए स्थानीय बाजारों और कस्बों में पहुंच रहे हैं।
उधर तहसील क्षेत्र के सभी संवेदनशील और अति संवेदन इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ गई है। डिप्टी एसपी प्रतिमा वर्मा पुलिस टीम के साथ निरंतर फ्लैग मार्च करती रही।
मछलीशहर कस्बे में तहसील रोड, मुंगराबादशाहपुर कस्बे में आसपास तथा जंघई बाजार एवं सभी छोटी बाजारों में होली के लिए रंग, गुलाल, मुखौटों और पिचकारी की दुकानें सजी हुई हैं। ग्रामीण इलाकों से लोग कस्बों में खरीदारी करने आ रहे हैं।बेलन, त्रिशूल,गदा, बल्ला,बांका, बंदूक, रिवाल्वर,कटार, छोड़ डिजाइन की पिचकारियां बच्चों को बहुत पसंद आ रहीं हैं। बच्चे जैसे ही दुकानों पर पहुंचते हैं अपनी मनपसंद पिचकारी,टोपी,मुखौटा आदि के लिए अभिभावकों से जिद्द करने लग रहे हैं। मछलीशहर कस्बे में सड़क किनारे दुकान चलाने वाले सत्यम पटवा ने बताया कि उनकी दुकान पर 15 रुपये से लेकर 700 रुपए तक की पिचकारियां उपलब्ध हैं। बच्चे और युवा लोग नये डिजाइन की पिचकारियों की खरीदारी ज्यादा उत्साहित होकर कर रहे हैं।जंगली जानवरों के अलग-अलग रेट के मुखौटे हैं।इस बार लोग केमिकल युक्त रंगों की जगह हर्बल रंगों की खरीदारी ज्यादा कर रहे हैं।हम दुकानदारों को अगले तीन-चार दिन जोरदार बिक्री की उम्मीद है।
