Jaunpur news सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव का भव्य समापन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव का भव्य समापन
सिंगरामऊ (जौनपुर)। राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय में आयोजित 61वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘विहंगम’ का समापन रविवार 01 मार्च को संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक कुंवर जय सिंह ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में टी.डी. पी.जी. कॉलेज, जौनपुर के इतिहास विभाग की अवकाश प्राप्त प्राध्यापिका प्रो. शशि सिंह उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती शारदा सिंह एवं श्री अशोक सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि प्रो. शशि सिंह ने “आंचल के तले आ, लेकर चले एक ऐसे गगन के तले” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक ऊष्मा का संचार किया। कार्यक्रम का औपचारिक स्वागत, अतिथियों का परिचय एवं समस्त आयोजन की रूपरेखा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई। क्रीड़ा प्रभारी मेजर सत्यप्रकाश सिंह ने आगंतुकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए आयोजन की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद किया। समापन समारोह के इस अवसर पर डॉ. सीमा सिंह एवं के निर्देशन में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया जिसमें हकीम, रचना मौर्य एवं अन्य छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को विशेष सराहना मिली।
खेल प्रतियोगिताओं के घोषित परिणामों के अनुसार 100 मीटर दौड़ (महिला वर्ग) में सोमिना बानो तथा पुरुष वर्ग में शनि शुक्ला प्रथम स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में अभिषेक कुमार यादव एवं महिला वर्ग में प्रज्ञा यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में नितेश गिरी तथा महिला वर्ग में प्रज्ञा यादव विजेता रहीं। 800 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में नितेश गिरी एवं महिला वर्ग में प्रज्ञा यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
क्षेत्रीय स्पर्धाओं में गोला फेंक (पुरुष) में योगेश्वर तिवारी एवं (महिला) में पलक सिंह प्रथम रहीं।
समारोह के अंत में सभी विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य पंडित सती प्रसाद मिश्र, महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, और बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएं मौजूद रहें।

