Jaunur news नौकरी दिलाने और रिन्यूअल के नाम पर धन उगाही का आरोप, पीड़ितों ने थाने में दी तहरीर
नौकरी दिलाने और रिन्यूअल के नाम पर धन उगाही का आरोप, पीड़ितों ने थाने में दी तहरीर
अयोध्या। राष्ट्रीय प्रतिदर्श कार्यालय अयोध्या में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों ने पूर्व में कार्यरत रहे सर्वे प्रगणक सौरभ पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि सौरभ पांडेय नौकरी दिलाने एवं अनुबंध (रिन्यूअल) के नाम पर धन उगाही कर रहा है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, वर्तमान में कर्मचारी मास मैनेजमेंट सर्विसेस कंपनी के माध्यम से कार्यरत हैं, जिनका अनुबंध फरवरी 2026 में समाप्त हो रहा है। इसी अवसर का लाभ उठाते हुए सौरभ पांडेय, जो कि प्रतापगढ़ जिले का निवासी बताया गया है, कर्मचारियों से अनुबंध नवीनीकरण के नाम पर धन की मांग कर रहा है।
कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ लोगों से उसने पैसे भी ले लिए हैं। इस संबंध में वर्तमान कंपनी को भी जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि सौरभ पांडेय द्वारा धमकी दी जा रही है कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो नौकरी नहीं करने दी जाएगी। लगातार दबाव बनाए जाने से कर्मचारी अपनी नौकरी को लेकर भयभीत हैं।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि सौरभ पांडेय तथा उसके साथ कथित रूप से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए।
