Jaunpur news बंद कमरे में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू की
बंद कमरे में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू की
शाहगंज। नगर से सटे उसरा भांदी गांव में गुरुवार रात एक 28 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
बताया जा रहा है कि उसरा भांदी निवासी संजीव कुमार की पत्नी मनीता उर्फ पूनम कमरे में संदिग्ध हालत में फंदे से लटकी मिली। सास सुनीता देवी ने बहू को इस स्थिति में देखा तो तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जेठ उमेश ने फंदा काटकर उसे तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को दी गई। शुक्रवार सुबह मायके पक्ष के पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। दोपहर में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से सराय मोहिद्दीनपुर (थाना सरपतहां) की रहने वाली थी और उसकी शादी अप्रैल 2025 में उसरा भांदी गांव निवासी रामचंदर के बेटे संजीव कुमार से हुई थी। शादी को करीब दस माह ही हुए थे, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
परिजनों के मुताबिक घटना के समय पति संजीव कुमार काम से वाराणसी में थे। ससुर वाहन लेकर बाहर गए थे और बड़ा भाई बाजार गया हुआ था। घर पर केवल मृतका और उसकी सास मौजूद थीं।
प्रभारी निरीक्षक किरन कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
