February 18, 2026

Jaunpur news मड़ियाहूं में दो अलग-अलग सड़क हादसे, अज्ञात वाहन और कार की टक्कर से दो लोगों की मौत

Share


मड़ियाहूं में दो अलग-अलग सड़क हादसे, अज्ञात वाहन और कार की टक्कर से दो लोगों की मौत
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात और बुधवार दोपहर हुए दो भीषण सड़क हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं से परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के कसियांव गांव निवासी 46 वर्षीय भास्कर पांडेय सरौना गांव के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण दुर्घटना को किसी ने प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को खबर दी। मौके पर पहुंचे शिवम पांडेय ने मृतक की पहचान अपने चाचा के रूप में करते हुए अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दूसरी घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे शीतलगंज बाजार स्थित शिव मंदिर के पास हुई। शीतलगंज निवासी 45 वर्षीय नन्हें मोदनवाल, जो पाली बाजार में मिठाई की दुकान चलाते थे, स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह कार में फंस गए और करीब 15–20 फीट तक घसीटते चले गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल नन्हें मोदनवाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। मृतक के पुत्र आयुष ने लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और दोनों मामलों में जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

About Author