Jaunpur news घटिया निर्माण कार्य से आक्रोशित किसानों ने झाड़ू से गिट्टियां बटोर जताया आक्रोश
घटिया निर्माण कार्य से आक्रोशित किसानों ने झाड़ू से गिट्टियां बटोर जताया आक्रोश
राष्ट्रीय राजमार्ग 233 का किया जा रहा रिन्युअल, चौथे दिन ही टूटकर बिखरी गिट्टियां
डोभी, जौनपुर। आजमगढ़ वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर दानगंज से होते हुए चंदवक बाजार से आगे तक हो रहे रिन्युअल कार्य में मानक की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बाजारवासियों ने पूर्वांचल किसान संगठन के नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में झाड़ू से बिखरी गिट्टियों को बटोर कर आक्रोश जताया। कहा कि घटिया निर्माण कार्य नहीं रुका तो हो रहे कार्य को बाधित किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर दानगंज से कनौरा तक 16 किमी रिन्युअल का कार्य प्रस्तावित है। दानगंज की तरफ से निर्माण कार्य होता चला आ रहा है। चंदवक बाजार व उससे पहले जो भी कार्य हुआ है उसमें मानक की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। बीच सड़क पर कहीं कहीं छोड़ दिया जा रहा है तो चंदवक बाजार में सड़क बनने के दूसरे दिन ही टूट कर गिट्टियां सड़क पर बिखर गई है। कई जगह बुरी तरह टूट गई है। टूट कर बिखरी गिट्टियों के कारण वाहनों के आवागमन के दौरान धूल उड़ रहा है जिससे राहगीरों के साथ ही बाजारवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार दोपहर बाद बाजारवासियों ने किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में झाड़ू लेकर गिट्टियां बटोर कर आक्रोश जताया। कहा कि आगे घाटियां निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। जो हुआ है उसे पुनः बनाया जाय। विरोध करने वालों में सूर्यनाथ सिंह, जंग बहादुर सिंह, जयप्रकाश राम,ब्रम्हदेव सिंह,महेंद्र प्रजापति, राजेश सिंह, अजय सिंह, रोहित सिंह, अरुण चौबे,जयकेश भाष्कर,श्याम बहादुर सिंह,राम भरत गुप्ता सहित अन्य लोग थे।
