Jaunpur news पुलिस मुठभेड़ अंतरजनपदीय गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
मीरगंज में पुलिस मुठभेड़ अंतरजनपदीय गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
जौनपुर।जनपद में अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय गो-तस्कर मोनू उर्फ बलवन्त बघेल को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
आप को बता दे कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना मीरगंज पुलिस गोधना बाजार में संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर बदमाश ने सेमरी अंडरपास पुलिया के पास पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान मोनू उर्फ बलवन्त बघेल (23 वर्ष) निवासी ग्राम रामनगर, थाना अखण्डनगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। वह थाना सरायख्वाजा में दर्ज गो-तस्करी के मामले में वांछित चल रहा था, जिसमें उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न जनपदों में आर्म्स एक्ट और पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
