Jaunpur news खलीलपुर गांव में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं सहित आठ लोग घायल
खलीलपुर गांव में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं सहित आठ लोग घायल
जौनपुर।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के खलीलपुर गांव में शनिवार सुबह जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गांव में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक पक्ष से अनीता देवी (45), ईशा देवी (50), आरती देवी (54), किशन यादव (23) तथा सुनील कुमार यादव (27) घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से शिव शंकर (55) और जय किशन (28) को चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने गांव में स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
