Jaunpur news कादीपुर गांव में युवक की संदिग्ध मौत, अचानक बिगड़ी तबीयत के बाद रास्ते में तोड़ा दम
कादीपुर गांव में युवक की संदिग्ध मौत, अचानक बिगड़ी तबीयत के बाद रास्ते में तोड़ा दम
जौनपुर।
जफराबाद थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में शनिवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कादीपुर गांव निवासी चंद्रशेखर गौतम (लगभग 28 वर्ष), पुत्र जगदीश चंद्र गौतम, की शनिवार रात करीब आठ बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने बताया कि वह घर के भीतर अचेत अवस्था में पड़े मिले। स्थिति गंभीर देख परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना को लेकर क्षेत्र में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने किसी विषैले पदार्थ का सेवन किया हो, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही जफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
