January 13, 2026

Jaunpur news अलाव की चपेट में आई विवाहिता की मौत, दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

Share


अलाव की चपेट में आई विवाहिता की मौत, दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
जौनपुर।
जफराबाद थाना क्षेत्र के कर्मही गांव में अलाव की चपेट में झुलसी विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो जाने से गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार सर्वेश कुमार की 28 वर्षीय पत्नी अनीता 9 जनवरी को घर के बाहर अलाव ताप रही थी, तभी अचानक आग की लपटें उसकी ओर भड़क उठीं और वह बुरी तरह झुलस गई।
परिवार ने गंभीर हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लगातार उपचार जारी था। लेकिन मंगलवार तड़के उसकी स्थिति बिगड़ी और चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनीता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि अनीता का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था। उसका मायका गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर में है। मृतका दो मासूम बच्चों की मां थी—एक ढाई साल का और दूसरा तीन महीने का। मां के निधन के बाद बच्चों की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
सूचना मिलते ही जफराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
कर्मही गांव में अनीता की मौत से माहौल गमगीन है और लोग इस दुखद घटना को लेकर व्यथित हैं।

About Author