January 24, 2026

Jaunpur news राष्ट्रीय हस्तशिल्प सप्ताह का भव्य आयोजन, कारीगरों के हुनर को मिला सम्मान

Share

राष्ट्रीय हस्तशिल्प सप्ताह का भव्य आयोजन, कारीगरों के हुनर को मिला सम्मान

सिंगरामऊ (जौनपुर)।
प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के तत्वावधान में गौरीशंकर मंदिर परिसर, सिंगरामऊ में राष्ट्रीय हस्तशिल्प सप्ताह (नेशनल हैंडीक्राफ्ट वीक) का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में हस्तशिल्प से जुड़ी भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कारीगरों के कौशल को सहेजने व आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

संस्था की अध्यक्ष डॉ. अंजु सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय हस्तशिल्प सप्ताह मनाने का उद्देश्य पारंपरिक कला एवं शिल्प को संरक्षण देना, कारीगरों को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “मेरा शिल्प, मेरा गौरव” और “वोकल फॉर लोकल” रही, जिसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों के उपयोग और प्रचार पर विशेष जोर दिया गया।

डॉ. अंजु सिंह ने कहा कि हस्तशिल्प न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि देश की सांस्कृतिक पहचान को भी वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में शिल्पकारों को सशक्त बनाना, उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाना और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिला शिल्पकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया तथा उनके द्वारा तैयार हस्तशिल्प उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। सम्मानित शिल्पियों में जबी अख्तर, नसरीन बानो, मीना देवी, सालिया, सुनीता देवी, नगमा और किरण प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत मीना सिंह ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भावनात्मक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन नेहा सिंह ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला शिल्पकारों, संस्था की कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

About Author