Jaunpur news जफराबाद में स्वास्थ्य विभाग हुआ सक्रिय, डेंगू के दो मरीज मिल

IMG-20261012-WA0044
Share

जफराबाद में स्वास्थ्य विभाग हुआ सक्रिय, डेंगू के दो मरीज मिल
1:- स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत ने चलाया अभियान, 25 से अधिक स्थानों पर मिले लार्वा
जफराबाद।स्थानीय नगर पंचायत के मोहल्ला नासही में डेंगू के लक्षण वाले करीब 50 मरीजों की होने की जानकारी होने के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। स्वास्थ्य टीम ने मोहल्ले में 39 लोगों की जांच की, जिसमें दो डेंगू पॉजिटिव मिले। वहीं, घरों के आसपास जलजमाव की जांच में 25 से अधिक स्थानों पर लार्वा मिलने से विभाग की चिंता बढ़ गई। टीम ने लार्वा नष्ट कराने के साथ दवाओं का छिड़काव कर लोगों को जागरूक किया।
सोमवार को मोहल्ला नासही में डेंगू के लक्षण वाले करीब 50 मरीजों से संबंधित खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद मंगलवार सुबह सिरकोनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. धर्मेश पटेल टीम के साथ मोहल्ले में पहुंचे। उन्होंने डेंगू जांच किट से 39 लोगों की जांच की। इनमें अनिल कुमार निगम और एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अन्य लोगों को जांच के लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह दी गई।
इसके बाद जिला मलेरिया कार्यालय की टीम ने भी अभियान चलाया। फाइलेरिया अधिकारी डॉ. अभिषेक सिंह के नेतृत्व में दीपक सिंह, अभिषेक सोनकर समेत करीब 10 सदस्यों ने घरों का निरीक्षण किया। टीम ने जलजमाव वाले स्थानों पर लार्वा नष्ट कराया और मच्छरों के प्रजनन पर अंकुश लगाने के लिए दवाओं का छिड़काव किया। लोगों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की हिदायत भी दी गई।
उधर, नगर पंचायत प्रशासन ने भी मोहल्ले में सफाई और बचाव अभियान चलाया। कर्मचारियों ने नालियों के किनारे और गंदगी वाले स्थानों पर दवाओं का छिड़काव किया तथा फॉगिंग कराई। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कूलर, गमलों, टायरों और अन्य बर्तनों में पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। साथ ही बुखार के लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा।