Jaunpur news थाईलैंड में जूनियर एशिया कुश्ती प्रतियोगिता में जीता रजत पदक, डीएम ने बढ़ाया हौसला

IMG-20261013-WA0061
Share

अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में देश का मान बढ़ाने वाले सौरभ यादव सम्मानित, अब कजाकिस्तान में गोल्ड पर नजर
थाईलैंड में जूनियर एशिया कुश्ती प्रतियोगिता में जीता रजत पदक, डीएम ने बढ़ाया हौसला
जौनपुर। जनपद की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। तहसील सदर के गजना गांव निवासी युवा पहलवान सौरभ यादव ने थाईलैंड में आयोजित जूनियर एशिया कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश और जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में उन्हें बुके भेंट कर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया

।इस मौके पर जिलाधिकारी ने सौरभ यादव की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले युवा सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़े मुकाम हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे होनहार खिलाड़ियों को चिह्नित कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन, खेल विभाग और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के माध्यम से प्रायोजन तथा बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी को स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिले के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सामने लाया जाए, ताकि दूसरे युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।
सौरभ यादव की अगली चुनौती कजाकिस्तान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है, जहां वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता को लेकर सौरभ ने स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सौरभ यादव ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से मिला सम्मान उनके लिए प्रेरणादायक है। इससे उन्हें आगामी प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह कजाकिस्तान में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर कुश्ती कोच अशोक सोनकर, पहलवान देवेंद्र पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।