Jaunpur news इलाज के दौरान युवक की मौत पर निजी क्लिनिक में हंगामा, पुलिस ने पहुंचकर कराया मामला शांत
इलाज के दौरान युवक की मौत पर निजी क्लिनिक में हंगामा, पुलिस ने पहुंचकर कराया मामला शांत
जौनपुर शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित अहियापुर मोड़ पर एक निजी चिकित्सक के क्लिनिक में उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो जाने से मंगलवार की रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। अचानक हुई मौत के बाद परिजनों ने क्लिनिक परिसर में जोरदार हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को बिगड़ने से रोकते हुए मामले को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, बरसठी थाना क्षेत्र के टकटकीया गांव निवासी आशीष कुमार सिंह की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अहियापुर मोड़ स्थित एक चर्चित निजी चिकित्सक के पास लेकर आए थे। परिजनों का कहना है कि भर्ती होने के बाद भी मरीज की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। सोमवार देर रात डॉक्टर ने अचानक डायलिसिस कराए जाने की बात कही, जबकि सुबह तक ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
देर रात तबीयत और अधिक खराब होने पर डॉक्टर ने मरीज को वाराणसी रेफर करने की सलाह दी, लेकिन थोड़ी ही देर में आशीष कुमार की मौत हो गई। यह खबर मिलते ही साथ आए परिजन भड़क गए और क्लिनिक में हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति गंभीर होती देख शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह अपने सहयोगी चौकी प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और किसी भी अनहोनी को होने से रोक दिया। बाद में परिवार मृतक का शव लेकर अपने गांव रवाना हो गया।
पुलिस की समय रहते पहुंचने से मामला आगे नहीं बढ़ा और क्लिनिक में किसी बड़े विवाद की स्थिति बनने से बच गया।
