Jaunpur news विद्यालय में तीसरी बार सेंधमारी: चोर गैस सिलेंडर, बर्तन व सामग्री समेटकर फरार,
विद्यालय में तीसरी बार सेंधमारी: चोर गैस सिलेंडर, बर्तन व सामग्री समेटकर फरार, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
जौनपुर, केराकत। विकास खंड केराकत के ग्राम देवराई स्थित कम्पोजिट विद्यालय एक बार फिर चोरी की वारदात का शिकार बना। शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने विद्यालय के रसोई घर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, चार बाटला, लोहे की बड़ी कड़ाही, बड़ा भगौना, लगभग 200 गिलास और करीब 150 थालियाँ लेकर फरार हो गए। चोरी का पता सुबह होने पर विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर प्रधानाध्यापक विकास सिंह ने तत्काल घटना की जानकारी चन्दवक थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुँची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने स्कूल परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इससे पहले भी दो बार विद्यालय में चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हुआ। लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने चोरों के हौसले बुलंद कर दिए हैं। वहीं क्षेत्रीय लोगों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि पुलिस पूर्व की घटनाओं का समय रहते खुलासा करती, तो शायद चोरों का मनोबल इतना न बढ़ता। अब ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
