Jaunpur news आईजीआरएस प्रणाली में पुलिस ने रचा इतिहास पूरे प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
आईजीआरएस प्रणाली में जौनपुर पुलिस ने रचा इतिहास — पूरे प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
जौनपुर। जनपद जौनपुर ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्य का परचम लहराया है। समन्वित निवारण शिकायत प्रणाली (I.G.R.S.) पर माह अक्टूबर में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के लिए जौनपुर जनपद को पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान (1st Rank) प्राप्त हुआ है।
यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक जौनपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं नोडल अधिकारी आईजीआरएस श्री आतिश कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संभव हुई है। उनके निर्देशन में आईजीआरएस सेल प्रभारी निरीक्षक घनानन्द त्रिपाठी व उनकी टीम ने अथक परिश्रम कर यह सफलता अर्जित की।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनसुनवाई प्रणाली में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के आधार पर सभी जनपदों को मार्किंग प्रणाली से अंक प्रदान किए जाते हैं। इसमें 75 जिलों में से जौनपुर ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जनपद के 29 थानों में से 19 थानों को भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान मिला है। आईजीआरएस सेल मुख्यालय से सभी थानों की लगातार मॉनिटरिंग और पर्यवेक्षण किया गया, जिससे शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित हुआ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि से जौनपुर पुलिस की कार्यकुशलता और जनता के प्रति संवेदनशीलता एक बार फिर साबित हुई है।
