November 5, 2025

Jaunpur news सुजानगंज में तीस वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर दी जान, तीन वर्ष पूर्व हुई थी शादी — एक वर्ष की बच्ची हुई अनाथ

Share


सुजानगंज में तीस वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर दी जान, तीन वर्ष पूर्व हुई थी शादी — एक वर्ष की बच्ची हुई अनाथ

सुजानगंज (जौनपुर)। क्षेत्र के गोल्हनामऊ गांव में गुरुवार सुबह एक तीस वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी इंद्रेश सिंह उर्फ प्रिंस सिंह की पत्नी प्रिया सिंह (उम्र 30 वर्ष) ने सुबह नहाने और पूजा करने के बाद अपने कमरे में जाकर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिवारजन चाय के लिए बुलाने पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर महिला को पंखे से लटका देख परिजनों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी

ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। बताया गया कि मृतका की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक वर्ष की बच्ची है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार और गांव दोनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतका का मायका ग्राम तिवारान, थाना नेवढ़िया में है। घटना के समय पति इंद्रेश सिंह और सास आभा सिंह (56 वर्ष) घर पर मौजूद थे, जबकि ससुर राम अकबाल सिंह (57 वर्ष) रोज़ी-रोटी के लिए शहर में रहते हैं।

सूचना पाकर फॉरेंसिक टीम प्रभारी सुभाष सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की।
इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सुजानगंज फूलचंद पांडेय ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

About Author