Jaunpur news बेसो नदी से मिले तीन मासूमों के शव, नग्न हालत में हाथ-पैर बंधे देखकर फैली सनसनी
बेसो नदी से मिले तीन मासूमों के शव, नग्न हालत में हाथ-पैर बंधे देखकर फैली सनसनी
आज़मगढ़/जौनपुर।
दीदारगंज थाना क्षेत्र (आज़मगढ़) और खेतासराय थाना क्षेत्र (जौनपुर) की सीमा पर बह रही बेसो नदी से रविवार शाम तीन मासूम बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव एक बेडशीट में पटिया और बालू के साथ लपेटकर नदी में फेंके गए थे।
मृतकों में 8 साल का लड़का, 6 साल की लड़की और 2 साल का लड़का शामिल हैं। तीनों बच्चों के हाथ-पैर काले धागे से बंधे थे और वे नग्न अवस्था में मिले। नदी में मछली पकड़ रहे लोगों ने शवों को देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर दीदारगंज और खेतासराय थाने की पुलिस पहुंची। शव किस थाना क्षेत्र में मिले हैं, इसे लेकर करीब एक घंटे तक सीमा विवाद चला। बाद में खेतासराय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का शक सरायमीर थाना क्षेत्र के कौराहगनी निवासी रमेश बनवासी के तीन बच्चों पर है। बताया जा रहा है कि रमेश के पांचों बच्चे बीमार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई और दो अभी भी बीमार हैं। पुलिस पुष्टि के लिए परिवार से पूछताछ कर रही है।

