February 2, 2026

Jaunpur news सात माह में दूसरी बार भाई की आत्महत्या से नासही मोहल्ले में मचा हड़कंप

Share

सात माह में दूसरी बार भाई की आत्महत्या से नासही मोहल्ले में मचा हड़कंप

जफराबाद।
Jaunpur news स्थानीय कस्बे के नासही मोहल्ले में बुधवार की देर शाम एक 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि सात महीने पहले मृतक के छोटे भाई ने भी इसी तरह आत्महत्या की थी। दो भाइयों की आत्महत्या की यह घटना पूरे मोहल्ले में सनसनी का कारण बन गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गेश सोनी पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश सेठ अपने मकान के कमरे में अकेले रह रहा था। बताया गया कि उसकी पत्नी लगभग 10 दिन पहले अपने दोनों बच्चों के साथ मायके चली गई थी। बुधवार शाम जब उसकी मां उषा देवी कमरे के पास पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि दुर्गेश पंखे से चादर के सहारे लटक रहा है। आनन-फानन में उन्होंने घर में रह रहे एक चिकित्सक को बुलाया, लेकिन तब तक दुर्गेश की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलवाया। टीम ने घटनास्थल से लगभग एक घंटे तक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

गौरतलब है कि दुर्गेश का छोटा भाई मनोज सोनी ने भी 24 दिसंबर 2024 को घर के ही एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब एक और भाई की आत्महत्या से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है, लेकिन मोहल्ले में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

About Author