Jaunpur news एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता रोहित यादव का डीएम ने किया सम्मान
एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता रोहित यादव का डीएम ने किया सम्मान
जौनपुर। एशियाई खेल-2026 की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर देश और जनपद का नाम रोशन करने वाले मछलीशहर तहसील के अदारी डिभिया गांव निवासी खिलाड़ी रोहित यादव को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने सम्मानित किया। जनसुनवाई कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने रोहित यादव के साथ उनके पिता सभाजीत यादव को भी सम्मानित किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने रोहित यादव को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पुस्तक भेंट कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना खिलाड़ी की मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम है। रोहित के पिता ने शुरुआती दौर में सीमित संसाधनों के बावजूद जिस तरह बेटे का साथ दिया, वह भी प्रेरणादायी है।
बांस से बने भाले से शुरू हुआ सफर
सम्मान समारोह के दौरान रोहित यादव ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके खेल करियर की शुरुआत बेहद सीमित संसाधनों के बीच हुई। उनके पिता ने गांव में बांस के ऊपरी हिस्से को काटकर उनके लिए पहला भाला तैयार किया था। इसी से उन्होंने शुरुआती अभ्यास किया और धीरे-धीरे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए आगे बढ़ते गए।
रोहित ने बताया कि वर्ष 2019 में पटियाला के नेशनल कैंप से जुड़ने के बाद उनके खेल करियर को नई दिशा मिली। इसके बाद उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। एशियाई खेलों में कांस्य पदक हासिल करना उनके लिए विशेष उपलब्धि है।
रोहित ने कहा कि यह पदक उनके पिता के उस सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसे उन्होंने बेटे के खेल करियर की शुरुआत के समय देखा था। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य वर्ष 2028 के ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना और वहां बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने भविष्य में जौनपुर और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का संकल्प भी जताया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए जा रहे मिनी स्टेडियमों से स्थानीय युवाओं को अभ्यास के लिए सुविधाएं मिलेंगी और उनकी प्रतिभा को शुरुआती स्तर पर ही निखारने में मदद मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में मौजूद खेल संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि वे जिला स्तर से आगे बढ़कर प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर, एथलेटिक्स कोच कृष्ण यादव, कुश्ती कोच अशोक सोनकर, हैंडबॉल कोच निलेश यादव सहित अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे।
